करमा - ककराही, सोनभद्र
स्थानिक थाना क्षेत्र अन्तर्गत आज बुधवार को हंस वाहिनी इंटर कालेज कसयां में स्थानिक थाना एसएचओ देवता नंद सिंह तथा महिला पुलिस ने मिशन शक्ति के तहत विद्यालय की छात्राओं को जागरूक करने हेतु कार्यशाला का आयोजन किया। इंस्पेक्टर देवता नंद सिंह ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी निर्भीक होकर अपना काम करें, महिलाओं, बालिकाओं पर हो रहे अत्याचार को रोकने के लिए उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्य मंत्री जी ने मिशन शक्ति के द्वारा बालिकाओं को नवरात्र के पर्व पर शक्ति का अवतार बताया है।
उन्होंने बालिकाओं से अपील की है कि आप लोगों को किसी से डरने की जरूरत नहीं है। पुलिस आप के मर्यादा को बचाने के लिए सदैव तत्पर है। आप 1090 अथवा 181 टोल फ्री नंबर पर कॉल करके निःसंकोच अपनी समस्याएं बताएं। काल रिसीव करने तथा आप की मदद करने वाले महिला पुलिस होंगी। आप के साथ किसी प्रकार का अपराध छेड़छाड़, अमर्यादित टिप्पणी, अस्लील हरकत, अथवा अश्लील शब्दों का उच्चारण करने वाले हर शोहदों व मनचलों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही होगी। बस आप सभी को अपनी शक्ति दिखानी होगी। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य उमाकांत मिश्र ने पुलिस के सार्थक प्रयास की प्रशंसा करते हुए आगंतुक पुलिस के अधिकारी कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
Tags:
न्यूज