दूरदर्शन पर कल प्रसारित होगी दुद्धी के सेनानियों की गौरव गाथा
- दूरदर्शन के डीडी यूपी पर 10:30 रात्रि सेनानियों की गौरव गाथा होगा पहली बार प्रसारण।
-इतिहासकार दीपक केसरवानी के नेतृत्व में बनी यह टेलीफिल्म।
-पहली बार दुद्धी क्षेत्र की स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े स्थलों की झलक दिखेगी।
सोनभद्र :
आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष के अंतर्गत अंग्रेजों द्वारा निर्मित बफर स्टेट दुद्धि के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, स्वतंत्रा आंदोलन, स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े हुए स्थलों पर पहली बार वाराणसी दूरदर्शन केंद्र द्वारा निर्मित टेली फिल्म का प्रसारण दूरदर्शन के डीडी यूपी चैनल पर रात्रि 10:30 बजे प्रसारित होगा।
उपरोक्त आशय की जानकारी फिल्म यूनिट मे शामिल इतिहासकार/संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश लखनऊ द्वारा नामित सदस्य दीपक कुमार केसरवानी देते हुए बताया कि-"इस फिल्म में 1857 से लेकर 1947 तक दुद्धी क्षेत्र में हुए आंदोलन, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, स्वतंत्रता आंदोलन के समय के स्थलों को प्रदर्शित किया गया है।
जनपद सोनभद्र के तहसील दुद्धी का इतिहास एवं सोनभद्र जनपद की दुद्धी क्षेत्र से स्वतंत्रता आंदोलन में भाग लेने वाली एकमात्र महिला सेनानी राजेश्वरी देवी, सैयद सखावत हुसैन के बारे में पहली बार इतिहासकार दीपक कुमार केसरवानी द्वारा उनके जीवन वृत्त पर प्रकाश डाला गया है।
दुद्धी के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी युसूफ मसीह के पौत्र मिथिलेश मसीह, सुखन अली के प्रपौत्र नासिर अली, पूरन खरवार के पौत्र धर्मजीत खरवार, समाजसेवी डॉक्टर लवकुश प्रजापति का साक्षात्कार एवं दुद्धि में स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्थल
दुद्धि के नगवा में स्थापित स्वराज स्तंभ, ब्लॉक पर स्थापित सेनानियों के नाम वाली पट्टीका आदि के प्रदर्शन के माध्यम से दुद्धि के अतीत एवं वर्तमान को दिखाकर भावी पीढ़ी को शिक्षा देने का प्रयास किया गया है कि किस प्रकार हमारे पूर्वजों ने अपनी त्याग, तपस्या, बलिदान के बल पर आजादी की लड़ाई लड़कर अंग्रेजों से स्वतंत्रता हासिल किया।
दुद्धी के स्वतंत्रता संग्राम पर आधारित पहली बार दूरदर्शन द्वारा निर्मित फिल्म के माध्यम से संपूर्ण देशवासी दुद्धी के इतिहास से परिचित हो सकेंगे।
Tags:
संपादकीय