स्वामी विवेकानंद ( युवा दिवस 12 जनवरी)
प्रेरणास्रॊत युवाओं के, विवेकानंद जी को सादर नमन।
आज जयंती उन महापुरुष की, प्रेरक हैं जिनके कथन।।
माता आदरणीया भुवनेश्वरी, बहुत ही धर्म परायण ।
आराधिका भगवान शिव की, प्रतिदिन पढ़ती रामायण।।
पिता श्री विश्वनाथ दत्त, आदर्श वकील और देशभक्त।
कुशाग्र बुद्धि विवेकानंद, स्वदेश संस्कृति के परम भक्त ।।
रामकृष्ण के परम शिष्य, किए राम कृष्ण मिशन स्थापित।
विश्व धर्म महासभा में, संसार हुआ अत्यधिक प्रभावित ।।
वेद, उपनिषद, गीता, रामायण, महाभारत के विद्वान।
भारतीय संस्कृति और दर्शन के प्रचारक अनुपम महान।।
ध्यान लक्ष्य पर करो केंद्रित, अवश्य सफलता मिल जाएगी।
प्राणिमात्र की सेवा से ही, मानवता की सेवा हो पाएगी।।
कवि- चंद्रकांत पांडेय,
मुंबई ( महाराष्ट्र )